Deepak Sungra - indoreexpress.com 05-Dec-2019 08:02 am
इंदौर. अवैध निर्माण की पुष्टि होने के बाद जीतू सोनी के घर और तीनों होटलों पर गुरुवार सुबह 6 बजे से एक साथ कार्रवाई प्रारंभ की गई। गुरुवार सुबह 12 पोकलेन, 300 निगमकर्मी, 250 मजदूर और भारी संख्या में पुलिस बल की मौजुदगी में जीतू सोनी के अवैध निर्माण को तोड़ने का कार्य प्रारंभ हुआ। कार्रवाई के दौरान माय होम, ओ-टू और बेस्ट वेस्टर्न होटल तक पहुंचने के सभी मार्ग बंद कर दिए गए थे। अवैध निर्माण तोड़ने की कार्रवाई अभी भी जारी है। कार्रवाई के लिए निगम ने 300 कर्मचारियों की टीम बनाई है, जिसे चार अपर आयुक्त लीड कर रहे हैं। इससे पहले बुधावार देर रात पुलिस ने सोनी के सभी होटल खाली करा लिए थे। तुकोगंज स्थित बेस्ट वेस्टर्न के गेस्ट को बाहर कर दिया गया था। पुलिस जीतू के बेटे अमित सोनी और मुक्त कराई गई सभी 67 युवतियों को दो बसों में लेकर माय होम भी पहुंची। उसे भी देर रात तक खाली करा लिया गया। निगम ने अवैध निर्माण पर कार्रवाई के लिए बुधवार रात से ही पोकलेन, जेसीबी, डंपर पहुंचाना शुरू हो गए थे।