सवारियों को बैठाने के चक्कर में अंधाधूंध दौड़ रही मैजिक

Deepak Sungra - indoreexpress.com 27-Aug-2016 05:14 am


(सुरेश कपोनिया)
इंदौर। एक तरफ शहर में दौड़ रही बड़ी बसों से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। वहीं दूसरी तरफ अंधगति से दौड़ रही टाटा मैजिकों पर लगाम कसने के लिए प्रशासन केवल नियम ही बना रहा है और कार्रवाई के लिए केवल औपचारिकता ही निभाई जा रही है। जिसके चलते शहर में अधिकांश क्षेत्रों में दौड़ रही टाटा मैजिक से आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं तो हो ही रही हैं। वहीं वाहन चालकों से भी हुज्जत हो रही है, परंतु अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं पहुंच रहा है।
सैय्या भये कोतवाल तो अब डर काहे का... वाली कहावत इन टाटा मैजिक चालकों पर चरितार्थ हो रही है। क्योंकि शहर में दौड़ रही अधिकांश टाटा मैजिक के मालिक पुलिसकर्मी होना बताए जा रहे है। जिस कारण इन मैजिक वालों पर कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। सवारी बैठाने की होड़ और नंबर लगाने की दौड़ में बेतरतीब यह गाडिय़ां दौड़ाई जा रही है जिससे अन्य वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। इनमें से कई टाटा मैजिक तो राजनेताओं की भी है जिसके कारण पुलिस प्रशासन भी कार्रवाई करने से हिचक रहा है। यही वजह है कि पूरे शहर में इन टाटा मैजिक वालों ने लोगों की नाक में दम कर रखा है और आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होने के साथ ही मैजिक वालों की गलती होने पर उनसे बात करने वाले वाहन चालक के साथ या तो मारपीट की जाती है या गाली गलौच कर उन्हें डराया धमकाया जा रहा है। आज सुबह रामबाग चौराहे पर भी एक टाटा मैजिक वाले ने दो पहिया वाहन चालक को टक्कर मार दी। हालांकि इस टक्कर के बाद कोई जनहानि नहीं हुई। जब वहां से निकल रहे अन्य लोगों ने मैजिक वाले को रोका और उसकी गलती बताई तो वह भडक़ गया और उल्टा लोगों के साथ गाली गलौज कर गाड़ी भगाकर ले गया। इस तरह के नजारे शहर में आए दिन देखने को मिल रहे है लेकिन पुलिस प्रशासन व यातायात विभाग केवल औपचारिकता पूरी करने में लगा है क्योंकि अपने ही विभाग के कर्मचारियों की गाडिय़ों पर कार्रवाई करने से अधिकारी डर रहे है।

ताज़ा खबर

अपना इंदौर