राजनीति

पूर्व विधायक व कांग्रेस नेता डॉ. कल्पना परूलेकर का लंबी बीमारी के बाद निधन

Indore Bureau - indoreexpress.com 02-Jan-2019 03:52 pm


इंदौर. कांग्रेस नेत्री व पूर्व विधायक डॉ. कल्पना परूलेकर (61) का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्हें 18 दिसंबर को गंभीर हालत में इंदौर के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। दूसरे दिन ही डॉक्टरों ने उन्हें मल्टी ऑर्गन फेल्योर होने के कारण वेंटिलेटर पर रख दिया था। तब से उनका इलाज चल रहा था। अस्पताल के डॉ संदीप श्रीवास्तव ने इसकी पुष्टि की है।
21 दिसंबर को स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद डॉ. परूलेकर को इंदौर के मेदांता हॉस्पिटल में आईसीयू में भर्ती किया गया था। उनका इलाज चल रहा था, लेकिन हालत गंभीर होने पर वह भर्ती होने के बाद से ही लगातार वेंटिलेटर पर थीं। बुधवार सुबह 9.30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। डॉ. परुलेकर का अंतिम संस्कार उनके गृहस्थान महिदपुर में आज शाम होगा।
सुर्खियों में रहती थी कल्पना
कांग्रेस की तेजतर्रार नेता कल्पना अक्सर सुर्खियों में रहती थी। पिछले साल 17 अप्रैल को भोपाल की जिला अदालत ने पूर्व विधायक परूलेकर को एक साल की जेल और दो हजार रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई थी। उन्होंने तत्कालीन प्रमुख सचिव भगवानदेव इसरानी की नियुक्ति पर सवाल उठाए थे। इस मामले में इसरानी ने मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके पहले भी लोकायुक्त नावलेकर को संघ के गणवेश में दिखाते हुए फोटो जारी करने के मामले में भी परूलेकर को सजा मिली थी।
कमलनाथ ने ट्वीट कर जताया दुख
मप्र के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर परूलेकर के निधन पर दुख व्यक्त किया है। अपने ट्वीट में मुख्यमंत्री ने लिखा कि पूर्व विधायक डॉ.कल्पना परूलेकर के दुखद निधन का समाचार मिला। वे पिछले कई दिनो से अस्वस्थ थी। उनके निधन पर विनम्र श्रधांजलि। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने चरणो में स्थान व पीछे परिजनो को संबल प्रदान करे।

ताज़ा खबर

अपना इंदौर